आंगन मिलन में पोषण और स्वास्थ्य को लेकर किया जागरूक
पौड़ी गढ़वाल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित हो रहे ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों, माताओं और किशोरियों को पोषण, स्वास्थ्य और बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नैनीडांडा और बीरोंखाल क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीण जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और विभागीय कार्मिकों ने भाग लिया।
बाल विकास परियोजना नैनीडांडा के आंगनबाड़ी केंद्र कैलधार में आयोजित कार्यक्रम में दो बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया गया। बालिकाओं को उपहार भेंट करने के साथ ही तीन लाभार्थियों को पोषण किट वितरित की गईं। अधिकारियों और कार्यकत्रियों ने बच्चों और माताओं के पोषण, स्वास्थ्य तथा बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।
आंगनबाड़ी केंद्र जोग्याणा प्रथम में भी अभिभावकों को बच्चों के समुचित विकास के लिए जरूरी पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शालिनी बिष्ट, वार्ड सदस्य राधा देवी, आशा कार्यकत्री पुष्पा देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुभद्रा देवी समेत 10 अभिभावकों ने प्रतिभाग किया।
वहीं, बीरोंखाल के आंगनबाड़ी केंद्र डुमैला मल्ला में पंजीकृत लाभार्थियों को पूरा पोषाहार वितरित किया गया। दो किशोरियों को टी-शर्ट भी दी गईं। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य दर्शन सिंह रावत, ग्राम प्रधान, आशा कार्यकत्री, सुपरवाइजर आशा रावत आदि मौजूद रहे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि आंगन मिलन कार्यक्रमों के माध्यम से विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही बच्चों, किशोरियों और माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह