अवैध खनन में संलिप्तता के आराेप में सिड़कुल थाने का आरक्षी निलंबित
हरिद्वार, 20 मार्च (हि.स.)। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। अवैध खनन प्रकरण में संलिप्तता के तथ्य सामने आने पर थाना सिड़कुल में तैनात एक आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसएसपी भुल्लर ने अवैध खनन मामलों की प्रारंभिक जांच में आरक्षी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद उसे तत्काल निलंबित करते हुए पुलिस लाइन में संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही उसे आगामी आदेशों तक पुलिस लाइन में ही उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस पूरे मामले की प्रारंभिक जांच सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी को सौंपी गई है। एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि प्रकरण की विस्तृत और तथ्यात्मक जांच करते हुए एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों में पुलिस कर्मियों की संलिप्तता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों और विभागीय स्तर पर भी कड़ा संदेश गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला