अनुसूचित जाति आयोग ने हल्द्वानी में दलित उत्पीड़न की घटना का लिया स्वतः संज्ञान
देहरादून, 12 मई (हि.स.)। उत्तराखण्ड अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य राजेश सिंह राजा कोली ने बताया कि जनपद नैनीताल के हल्द्वानी स्थित गोलापार क्षेत्र के देवला मल्ला गांव में अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग व मारपीट किए जाने की गंभीर घटना पर आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने आज जिलाधिकारी नैनीताल व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को नोटिस जारी कर 10 दिवस के भीतर विस्तृत आख्या व की गई कार्यवाही की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अनुसूचित जाति समाज के सम्मान, सुरक्षा व संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए आयोग पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है व किसी भी प्रकार के जातीय उत्पीड़न, भेदभाव और अत्याचार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल