अग्निवीरों से मिले रक्षामंत्री राजनाथ, कहा- भारतीय सेना में स्वागत है

 


देहरादून, 21 मार्च (हि.स.)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के हल्द्वानी आगमन पर उस समय गौरवान्वित हुए जब देवभूमि उत्तराखंड से चयनित 112 से अधिक अग्निवीरों ने भारत माता के जय घोष के साथ उनका स्वागत किया। रक्षा मंत्री ने मौजूद सभी चयनित अग्निवीरों से कहा कि भारत मां की रक्षा के लिए आ रहे आप सभी का भारतीय सेना में स्वागत है।

इस अवसर पर साथ में आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतीक स्वरूप चयनित अग्निवीरों को तिलक लगाया और मां भारती की रक्षा के लिए जाने के लिए शुभकामनाएं दी। ये चयनित अग्निवीर यूथ फाउंडेशन में अभ्यास करके सेना में जा रहे हैं।

इस अवसर पर मौजूद यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने बताया कि इस बार उनके 752 उम्मीदवारों में से 710 का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी की प्रेरणा से यूथ फाउंडेशन उत्तराखंड के युवाओं को भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण देता है। रिटर्न और शारीरिक परीक्षाओं का अभ्यास कराता है और अभी तक 15 हजार से अधिक युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बल, पुलिस आदि में राष्ट्र सेवा के लिए भेज चुका है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नल कोठियाल के राष्ट्र सेवा के इस कार्य की प्रशंसा की और चयनित अग्निवीरो के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।

कर्नल अजय कोठियाल एवरेस्ट विजेता और सेना के विशिष्ट पदकों से सम्मानित हो चुके हैं और केदारनाथ आपदा के बाद केदारनगरी के पुनर्निर्माण के लिए उनकी सेवाओं को सराहा जाता है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल