मोटाहल्दू में युवती की मौत पर उठे सवाल, परिजनों ने किया हंगामा
हल्द्वानी , 10 मई (हि.स.)। नैनीताल जिले के लालकुआं के निकट मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में कार्यरत ईसाई नगर नंबर-एक लामाचौड़ हल्द्वानी निवासी 21 वर्षीय रिमझिम पुत्री मनोहर लाल की शनिवार दोपहर अपनी ए शिफ्ट की ड्यूटी पूरी कर कार्ड पंच करने के बाद कंपनी के मुख्य द्वार से बाहर निकली थी।
बताया जा रहा है कि वह अन्य साथी कर्मचारियों के साथ बस में बैठने के लिए हाईवे की ओर जा रही थी, इसी बीच अचानक चलते-चलते वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गई। घटना के बाद साथी महिला कर्मचारियों ने उसे संभाला और कंपनी प्रबंधन की मदद से तत्काल डा. सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को युवती के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा काटा। लामाचौड़ के जनप्रतिनिधियों ने भी मामले में आक्रोश जताया, वे भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंंची और मामले को शांत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता