निर्माणाधीन भवन से गिरकर युवक की माैत, पुलिस जांच में जुटी

 


नैनीताल, 05 मई (हि.स.)। नगर के तल्ला बजून क्षेत्र में मंगलवार काे एक निर्माणाधीन भवन की चौथी मंजिल से गिरकर एक युवक की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान बिहार के चंपारण निवासी 35 वर्षीय सद्दाम हुसैन पुत्र सगीर हुसैन के रूप में हुई है, जो भवन के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सद्दाम हुसैन निर्माणाधीन भवन की चौथी मंजिल पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद साथियों ने उसे तत्काल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मल्लीताल कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक दिनेश जोशी ने उसके साथियों के हवाले से बताया कि संभवतया सद्दाम को चौथी मंजिल पर काम करते हुए चक्कर आ गया था। घटना की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा मामले की जांच जारी है। यह घटना विशेषकर ऊंचे भवनों के निर्माण कार्यों में सुरक्षा प्रबंधों की स्वयं मजदूरों एवं ठेकेदारों द्वारा बरती जाने वाली उपेक्षा की ओर भी ध्यान आकृष्ट करने वाली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी