युवक ने विषाक्त खाकर दी जान, परिजनों ने पुलिस पर लगाए आरोप
नैनीताल, 28 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल जनपद के बेतालघाट विकासखंड अंतर्गत भवाली-अल्मोड़ा एनएच पर स्थित लोहाली गांव में एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार मृतक को खैरना चौकी पुलिस द्वारा शांति भंग के आरोप में चालान किए जाने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान था ।
आरोप है कि पुलिस द्वारा बालम सिंह पुत्र कुंदन सिंह के साथ खैरना पुलिस ने दुर्व्यवहार और मारपीट किया था, जिससे आहत होकर उसने घर लौटने के बाद विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजन उसे तत्काल स्थानीय चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना से पूर्व बालम सिंह गरमपानी क्षेत्र में वीडियो बना रहा था, जिसको लेकर पुलिस कर्मियों से उसका विवाद हुआ। इसके बाद पुलिस उसे खैरना चौकी ले गई और उसका चालान किया गया। परिजनों का आरोप है कि चौकी में उसके साथ अभद्र व्यवहार हुआ।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने आरोपों का खंडन करते हुए बताया कि संबंधित व्यक्ति नशे की स्थिति में था,। उसका चिकित्सीय परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में कराया गया, जिसमें नशे की पुष्टि हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई करते हुए उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। रात्रि लगभग दो बजे उसके आत्मघाती कदम उठाने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को अधिकार में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूर्ण कर अंत्यपरीक्षण के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी भेजा और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चिकित्सकों के पैनल द्वारा अंत्यपरीक्षण किया जा रहा है व उसकी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। साथ ही घटना से पूर्व सोमवार को उसके द्वारा खैरना व गरमपानी बाजार में की गयी गतिविधियों की पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज का भी परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी