यशपाल बेनाम ने भाजपा से दिया इस्तीफा, जल्द लेंगे अगला राजनीतिक फैसला

 

पौड़ी गढ़वाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व विधायक एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने अपने इस्तीफे की घोषणा की। बेनाम करीब आठ साल तक भाजपा में रहे। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने की बात कही।

प्रेस वार्ता के दौरान यशपाल बेनाम ने स्पष्ट किया कि वह जल्द ही अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर निर्णय लेंगे। हालांकि, उन्होंने फिलहाल अपनी भावी राजनीतिक रणनीति का खुलासा नहीं किया है। ऐसे में उनके अगले कदम को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पौड़ी की राजनीति में यशपाल बेनाम एक चर्चित चेहरा रहे हैं। वर्ष 2007 में वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पौड़ी विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने अपनी राजनीतिक पहचान बनाई। भाजपा में करीब आठ साल बिताने के बाद अब पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के उनके फैसले को जिले की राजनीति के लिहाज से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

बेनाम के इस्तीफे के बाद अब सभी की नजरें उनके अगले राजनीतिक फैसले पर टिकी हैं। वह भविष्य में किस राजनीतिक राह पर आगे बढ़ेंगे और उनकी आगामी रणनीति क्या होगी, इसका खुलासा उनके अगले निर्णय के बाद ही हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह