बगैर कनेक्शन जल निगम ने नैचोली गांव में सुंदर लाल को भेजा बिल
नई टिहरी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। चंबा ब्लॉक के ग्राम पंचायत नैचोली की आम बैठक में ग्रामीणों ने पेयजल निगम चंबा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से लोग पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। लेकिन बिना कनेक्शन ही विभाग बिल भेज रहा है। गांव में पति-पत्नी को भी अलग-अलग बिल भेजा गया है।
वीरवार को नैचोली में प्रधान मदनलाल उनियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में वीपीडीओ मोहन कंडारी और जेई विमल पैन्यूली ने बताया कि वीबी-जीरामजी में अब भूमि सुधार के बदले संपर्क मार्ग, जल संरक्षण और अन्य कार्य किए जाएंगे। बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि भासौं-घंटाकर्ण पंपिग पेयजल योजना के पेयजल वितरण टैंक से पानी खोलने और बंद करने के लिए कोई नियमित कर्मचारी नहीं है। जिससे गांव में पानी की समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के सुंदरलाल के नाम कोई पेयजल कनेक्शन नहीं है। लेकिन उन्हें 904 रुपये का बिल भेजा गया है। शैला देवी और विजयलाल उनियाल पति-पत्नी के नाम भी अलग-अलग बिल भेजे गए हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने कहा कि बिल भुगतान तभी किया जाएगा। जब पूरे गांव में नियमित जलापूर्ति होगी।
बैठक में गांव में रास्ते बनाने, पेयजल टैंक निर्माण, वर्षा जल संग्रहण टैंक, हौल मरम्मत, जल स्रोत संरक्षण, मिलन केंद्र मरम्मत, हर मरम्मत और सौर ऊर्जा लाइट लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में बीडीसी मंजू देवी, मस्तराम, रविंद्र राज, विजय राम, रोशन लाल, मूर्ति राम, भगवान सिंह, गंभीर सिंह, अंजना उनियाल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी