पंचायतों से गायब मिले तो होगी कार्रवाई, सीडीओ सख्त

 

पौड़ी गढ़वाल, 20 अगस्त (हि.स.)। ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की क्षेत्र में गैरमौजूदगी पर सीडीओ अशोक जोशी ने कड़ी नाराजगी जताई है। गुरुवार को विकास भवन में एडीओ पंचायत और ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की बैठक लेते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी निर्धारित रोस्टर के अनुसार अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से मौजूद रहें।

सीडीओ ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों की क्षेत्रीय मौजूदगी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्रीय उपस्थिति की औचक जांच कराई जाएगी और निर्धारित स्थान पर अनुपस्थित पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। आपदा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर जिला पंचायतीराज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल समेत सभी एडीओ पंचायत और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह