जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली में तेजी लाने के दिए निर्देश
पौड़ी गढ़वाल, 21 मई (हि.स.)। मासिक स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जनहित केंद्रित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। बैठक में राजस्व वसूली, चारधाम यात्रा व्यवस्थाएं, अवैध खनन एवं शराब पर कार्रवाई, फार्मर रजिस्ट्री, पेयजल आपूर्ति, जन शिकायतों के निस्तारण, प्रमाणपत्र सत्यापन तथा अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला खान अधिकारी एवं राजस्व विभाग को गुमखाल-सतपुली मार्ग सहित संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर अवैध खनन एवं अवैध भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। पूर्ति विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने गैस गोदामों एवं पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस आमजन की मूलभूत आवश्यकताएं हैं, इसलिए इनके वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया। जिला विकास प्राधिकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मानचित्र संबंधी कोई भी आवेदन जेई स्तर पर दस दिन से अधिक लंबित न रहे।
उन्होंने उपजिलाधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा के दौरान आधार लिंकिंग की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर विशेष आधार शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करने तथा पेयजल शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि अधिकारी स्वयं क्षेत्र में जाकर पेयजल योजनाओं का निरीक्षण करें तथा प्रत्येक 15 दिन में अधिशासी अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित करें, ताकि पेयजल आपूर्ति सुचारु बनी रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, चतर सिंह चौहान, संदीप कुमार, शालिनी मौर्य, रेखा आर्य, कृष्णा त्रिपाठी, आरटीओ विमल चंद्र पांडेय आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह