सड़क पर बह रहा लीकेज पाइप लाइन का पानी, जिम्मेदार बेखबर

 


उत्तरकाशी, 19 सितंबर (हि.स.)। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत मेन बाजार स्थित डायट गेट के समीप पिछले कई दिनों से पाइप लाइन लीकेज होने के कारण लगातार सड़क पर पानी बह रहा है। इससे जहां राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सड़क पर पानी जमा होने से सड़क को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।

यमुनोत्री हाईवे पर डायट गेट के समीप पाइप लाइन के लीकेज के पानी बहने के कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हाईवे से गुजरने वाले वाहनों के टायरों से सड़क पर जमा पानी के छींटे राहगीरों और स्कूली बच्चों पर पड़ रहे हैं। इससे लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, बह रहे इस पानी से सड़क को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइप लाइन लीकेज की समस्या कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से इसे ठीक करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। जबकि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ ही यात्री और पर्यटक भी आवाजाही करते हैं।

खास बात यह है कि इस क्षेत्र से जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का भी लगातार आवागमन होता है।

इसके बावजूद सड़क पर बहता पानी और राहगीरों की परेशानी नजरअंदाज होती दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से पाइप लाइन लीकेज को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके और सरकारी परिसंपत्तियों को हो रहे संभावित नुकसान को रोका जा सके

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल