जगजीतपुर में हाथी ने मचाया उत्पात, तोड़ी तारबाड़, लोगों में दहशत

 


हरिद्वार, 23 मार्च (हि.स.)। जगजीतपुर में आबादी क्षेत्र में घुसे एक जंगली हाथी ने बीती रात खूब उत्पात मचाया। यहां फुटबॉल ग्राउंड के आसपास के रिहायशी क्षेत्र में जंगली हाथी घूमता हुआ लोगों को नजर आया। जिसके बाद इसकी जानकारी वन विभाग को दी गई। थोड़ी देर बाद पहुंची वन विभाग की क्यूआरटी टीम ने जंगली हाथी को खदेड़ना शुरू किया।

इस पर हाथी खेतों की ओर दौड़ा और एक खेत में लगी तारबाड़ को तोड़कर ही अंदर घुस गया। हाथी का तारबाड़ तोड़ते हुए वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हरिद्वार के जगजीतपुर क्षेत्र में पहले जंगल हुआ करता था। आबादी बढ़ने के साथ खेत खलिहान और जंगल खत्म हो गए, लेकिन हाथियों का कॉरिडोर माना जाने वाला यह इलाका, हाथी नहीं भूले। पिछले कई दिनों से यहां एक दांत वाले हाथी की दहशत बनी हुई है। राज विहार, निकट फुटबॉल ग्राउंड में हाथी रोज आ रहा है।

लोगों को डर है कि इस एक दांत वाले हाथी का रोजाना आना किसी दिन मुसीबत बन सकता है। लोगों ने वन विभाग से हाथी की आवाजाही को रोकने की मांग की है।

रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि बीती रात हाथी आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी और हाथी को जंगल में खदेड़ दिया गया था। आबादी में हाथियों की मूवमेंट को रोकने के लिए एलिफेंट प्रूफ ट्रेंच बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। अनुमति मिलते है करीब आठ किलोमीटर लंबी एलिफेंट प्रूफ ट्रेंच बनाई जाएगी। इसके बनने के बाद हाथी, आबादी में नहीं घुस सकेंगे। उन्होंने बताया कि हाथियों पर नजर रखने के लिए प्रभावित इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला