हरिद्वार जिले के पुलिस उपाधीक्षक विवेक कुमार एवं नरेन्द्र पंत अपर पुलिस अधीक्षक पद पर प्रोन्नत
हरिद्वार, 30 नवंबर (हि.स.)। राज्य सरकार ने हरिद्वार में नियुक्त दो पुलिस उपाधीक्षक का प्रोन्नत कर अपर पुलिस अधीक्षक बना दिया है। रविवार को
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर अशोक स्तम्भ पहना कर अलंकृत किया।
पुलिस मुख्यालय ने वरिष्ठता के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक से अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए पुलिस उपाधीक्षक मंगलौर विवेक कुमार एवं पुलिस उपाधीक्षक रुड़की नरेंद्र पंत को एसएसपी कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने अन्य पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में अशोक स्तंभ से अलंकृत कर पदोन्नति की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि कर्तव्य के प्रति उम्मीदों का विस्तार भी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों अधिकारी अपने अनुभव, कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता से जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला