रोडवेज परियोजना के लिए विश्वकर्मा मार्केट में चला बुलडोजर

 


रुद्रपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन ने शनिवार को रुद्रपुर में निर्माणाधीन रोडवेज परियोजना के लिए विश्वकर्मा मार्केट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। बुलडोजर चलाकर परियोजना की जद में आ रही कई दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

तहसीलदार दिनेश कुटेला के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। प्रशासन के अनुसार प्रभावित दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी कर 15 दिन का समय दिया गया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं, कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने पुनर्वास से पहले दुकानें हटाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

अधिकारियों का कहना है कि जिन दुकानों पर बुलडोजर चला, उनमें पहले ही सामान खाली कराया जा चुका था। इसलिए पूरी कार्रवाई नियमानुसार और निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई जबकि प्रभावित व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने पहले वैकल्पिक दुकानें आवंटित करने का आश्वासन दिया था। उनका आरोप है कि इस वादे को पूरा किए बिना दुकानों को हटा दिया गया, जिससे कई परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया। व्यापारियों ने सभी पात्र लोगों को पारदर्शी तरीके से वैकल्पिक दुकानें या उचित मुआवजा देने की मांग की।

दावा है कि कुल 51 प्रभावित दुकानदारों में से केवल 27 को ही नई दुकानें आवंटित हुई हैं, जबकि कई पात्र व्यापारी अब भी सूची से बाहर हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि पुनर्वास की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही है।

तहसीलदार दिनेश कुटेला ने बताया कि प्रशासन द्वारा निर्माणाधीन रोडवेज की जद में आ रहे विश्वकर्मा मार्केट को ध्वस्तिकरण की कार्रवाई की गई है। जहां पहले ही सभी दुकानदार को नोटिस और उसके बाद 15 दिन का समय दिया गया था। जिसके तहत सभी दुकानदारों ने अपना सामान खाली कर लिया, इसी क्रम में कार्रवाई की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी