विधिक सहायता क्लिनिक में ग्रामीणों को मिलेगी कानूनी जानकारी और जरूरी सहायता

 


नई टिहरी, 26 सितंबर (हि.स.)। भिलंगना ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक सहायता क्लिनिक का शुरू किया गया है। जिसका उद्देश्य ग्रामीणों, मरीजों और जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों सहित कानूनी मामलों से संबंधित आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराना है।

शनिवार को प्राधिकरण के सचिव व सीनियर सिविल जज दयाराम ने सीएचसी पिलखी में विधिक सहायता क्लिनिक का उद्घाटन किया। बताया कि क्लीनिक के माध्यम से लोगों को कानूनी मामलों में उचित सलाह और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आर्थिक या सामाजिक कारणों से कोई व्यक्ति न्याय पाने से वंचित न रहे। जरूरतमंद लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अदालत या अन्य सक्षम प्राधिकरणों के समक्ष मुकदमे की पैरवी के लिए पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता की सुविधा दिलाने के साथ ही कानूनी दस्तावेज, याचिकाएं और आवेदन तैयार करने में भी सहायता की जाएगी। उन्होंने बताया कि आपसी बातचीत और मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के समाधान का प्रयास किया जाएगा। जिससे छोटे-मोटे विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले आपसी सहमति से सुलझाने में मदद मिले।

इस मौके पर रिटेनर अधिवक्ता राजपाल मिंया, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सीपी नेगी, औषधि निरीक्षक ऋषव धामा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उषा भट्ट, डॉ. अनुभव कुड़ियाल मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी