एक साल बाद भी पट्टे की जमीन उपलब्ध न कराने पर ग्रामीण नाराज
नई टिहरी, 31 अगस्त (हि.स.)। थौलधार ब्लॉक के ग्राम पंचायत पलास के पनेथ गांव के ग्रामीणों ने गत वर्ष की आपदा से प्रभावितों का भूमि का पट्टा व कब्जा न दिए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। वहीं वादे के मुताबिक किराया, बिजली और पानी के बिलों का भुगतान और सड़क न बनने पर भी आक्रोश प्रकट किया। मामले में डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की।
सोमवार को थौलधार के पूर्व कनिष्ठ उप प्रमुख कुलदीप पंवार और ग्राम प्रधान गीता देवी के नेतृत्व में पनेथ गांव के ग्रामीणों ने डीएम नितिका खंडेलवाल को बताया कि गत वर्ष 22 अगस्त को गांव में दैवीय आपदा से भारी नुकसान हुआ था। जिससे गांव के 22 परिवार प्रभावित हुए। तब जिला प्रशासन ने गांव के वाड़ियो नामे तोक में प्रभावितों को पट्टे की भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन एक साल बीतने पर भी कार्यवाही नहीं हुई। लोनिवि चंबा को भूमि समतलीकरण करने, ऊर्जा निगम से विद्युत लाइन, जल संस्थान को पेयजल लाइन बनाने के निर्देश दिए गए, लेकिन वह आदेश भी पूरे नहीं हुए। प्रशासन ने ग्रामीणों ने अन्य शिफ्ट कर किराया देने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन कोई भी समस्या हल नहीं हुई। प्रभावित ग्रामीण भूमि और मकान विहीन होने से समस्या से जूझ रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी