एक माह से लापता विवाहिता, ग्रामीणों में आक्राेश
नई टिहरी, 08 सितंबर (हि.स.)। प्रतापनगर ब्लॉक की रैका पट्टी के ग्राम जणगी निवासी एक माह से गायब चल रही रेशमा देवी का पता न लगने पर ग्रामीणों ने गहरा आक्रोश जताया। मायका पक्ष ग्राम मोटाणा के लोगों ने लंबगांव-डोबरा मोटर मार्ग पर मोटणा बैंड के समीप चक्का जाम किया। उन्होंने जल्द से जल्द रेशमा को ढूंढने की गुहार लगाई।
बता दें कि बीते 6 अगस्त रेशमा देवी लापता है। रेशमा के पति नवीन बिष्ट ने ही उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना लंबगांव में दर्ज कराई गई थी। जिसमें बताया कि रेशमा 6 अगस्त को दोपहर बाद घर नहीं लौटी। जिसके बाद पुलिस लगातार तलाश में जुटी है। लेकिन कोई सुराग अभी तक नहीं मिला। मायके पक्ष के लोगों ने मोटणा बैंड पर करीब चार घंटे तक स्टेट हाईवे पर धरना प्रदर्शन और चक्काजाम किया।
उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों का नार्को पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की मांग की। रेशमा के भाई विकास रावत ने बताया की एक माह बाद भी पुलिस को कोई सफलता न मिलना संदेहस्पद है। बताया कि रेशमा को ससुराल पक्ष की ओर से प्रताड़ित किए जाने से संबंधित साक्ष्य भी पुलिस को दिए हैं। एसएसपी स्तर से भी आश्वासन मिले हैं। चक्का जाम के दौरान मोटणा बैंड पर करीब चार घंटे यातायात बाधित रहा। बाद में तहसील प्रशासन की ओर से तहसीलदार प्रदीप कंडारी द्वारा एक माह के लिखित आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।
लंबगांव के थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर गहनता से जांच कर रही है। सभी कानूनी प्रक्रिया को मध्यनजर रखते हुए कार्यवाही गतिमान है। इस मौके पर निखिल, मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी