प्रधानों ने विभिन्न मांगो को लेकर कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
उत्तरकाशी, 01 सितंबर (हि.स.)। प्रधान संगठन उत्तरकाशी ने वीबीजीरामजी योजना में तकनीकी स्तर पर हो रही दिक्क्तों, उचित मानदेय,जिला योजना व स्पेशल कंपोनेंट प्लान में योजनाओं को शामिल करने सहित 20 सूत्रीय मांगो को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय में जमकर प्रदर्शन किया।
इस मौके पर प्रधान संगठन ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया और उनके निस्तारण की मांग की।
मंगलवार को डुंडा व चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष कृपाल सिंह के नेतृत्व में तांबाखाणी सुरंग के पास एकत्रित हुए। जहां से सभी प्रधान मांगो को लेकर ढोल दमाऊ के साथ नारेबाजी करते हुए भारी बारिश के बीच कलक्ट्रेट पहुंचे। जहां पर सभी प्रधानों ने अपनी विभिन्न् मांगो को लेकर शासन -प्रशासन के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर प्रदर्शनकारी प्रधानों ने कहा कि उनके कार्यकाल को एक वर्ष से भी अधिक का समय हो गया है, लेकिन ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप पड़े हैं। कहा कि वीबीजीरामजी योजना के तहत कनेक्टीविटी की समस्या के चलते फेस मैच नहीं हो पाने से मजदूरों की उपस्थिति दर्ज नही हो पा रही है। जिसके लिए उन्होंने नेटवर्क विहिन क्षेत्र में कनैक्टीविटी सुविधा मुहैया कराने की मांग की। वहीं यमुनोत्री विधान सभा क्षेत्र में विधायक निधि में अनिमिततायें की उच्च स्तरीय जांच कराने, विधायक निधि में 50 प्रतिशत प्रधानों की भागीदारी,जिला योजना व स्पेशल कंपोनेंट प्लान में ग्राम प्रधानों द्वारा प्रस्तावित योजनाओं को शामिल करने, ग्राम प्रधानों को उचित मानदेय दिए जाने जल जीवन मिशन में हुई अनियमितताओं की जांच कराने सहित अन्य मांगो को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और उनके निस्तारण की मांग की।
इस मौके ग्राम प्रधान मालना विजय कुमार,हरेती विजन सिंह,गेवंला गिरिराज सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रनाड़ी जयवीर सिंह, मदन मोहन अरविंद सिंह सरोज वाला रुकमणि देवी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल