कुलपति और डीएसबी परिसर निदेशक सेवानिवृत्त, ससम्मान दी गयी विदाई

 




नैनीताल, 31 अगस्त (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत तथा डीएसबी परिसर की निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा सोमवार को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गयीं। इस अवसर पर उनके सम्मान में डीएसबी परिसर के कला संकाय के सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुलपति को कार्यकाल पूर्ण होने पर शॉल ओढ़ाकर जागेश्वर धाम का चित्र भेंट किया गया, जबकि परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा को शॉल ओढ़ाकर ग्वेल देवता का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में वक्ताओं ने विश्वविद्यालय में दोनों के कार्यकाल के दौरान दी गई सेवाओं तथा विभिन्न कार्यों के समयबद्ध निस्तारण के लिए आभार व्यक्त किया। प्रभारी संकायाध्यक्ष प्रो. संजय पंत, प्रो. संजय घिल्डियाल, प्रो. हरीश बिष्ट और डॉ. किरण तिवारी ने विचार व्यक्त कर दोनों के योगदान के लिए धन्यवाद दिया। दोनों ने मिले सहयोग और सम्मान के लिये कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत और कुलगीत से हुई तथा समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रो. चंद्रकला रावत, प्रो. महेंद्र राणा, प्रो. रीना सिंह, प्रो. नीलू, प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. गीता तिवारी, प्रो. किरण बर्गली, प्रो. ज्योति जोशी, प्रो. अर्चना श्रीवास्तव, प्रो. दीपक पालीवाल, डॉ. रुचि मित्तल, डॉ. भूमिका, डॉ. हृदेश कुमार, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. प्रभा पंत, डॉ. सरोज पालीवाल, डॉ. गगन होती, डॉ. दीपिका पंत, डॉ. अशोक कुमार, आनंद रावत, नंदा बल्लभ पालीवाल, विपिन सहित 79 बटालियन एनसीसी और 5 नेवल एनसीसी के विद्यार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी