पौड़ी में 15 प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित
पौड़ी गढ़वाल, 06 जुलाई (हि.स.)। सेवा, समर्पण एवं सुशासन अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड कोट में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा मौके पर ही प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम के समंवयक जिला परियोजना प्रबंधक अधिकारी रीप कुलदीप बिष्ट, कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, रीप परियोजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मत्स्य तथा आयुष विभाग सहित विभिन्न विभागों ने सहभागिता करते हुए अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त किए तथा शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया।
कार्यक्रम की विशेष थीम नवीन पहल रही, जिसके अंतर्गत विकासखंड कोट के विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों तथा स्वयं सहायता समूह के सदस्यों ने अपने अनुभव साझा किए। उनके नवाचारों एवं सफल प्रयासों से उपस्थित लोगों को प्रेरणा मिली। इस अवसर पर कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में अभिनव कार्य करने वाले 15 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई। कार्यक्रम में बीडीओ अमित बिजल्वाण, अध्यक्ष ग्राम प्रधान संगठन कोट हिम्मत सिंह, मंडल अध्यक्ष रमेश रावत, महामंत्री महिला मोर्चा कोट रीना रौथाण आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह