उत्तराखंड प्रीमियर लीग में पहली बार उतरेगी मसूरी शेरू क्लासिक

 


देहरादून, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के आगामी सीजन में पहली बार मसूरी शेरु क्लासिक फ्रेंचाइजी टीम प्रतिभाग करेगी। शनिवार को टीम के पदाधिकारियों ने अपनी योजनाओं, आगामी तैयारियों तथा विजन की जानकारी साझा की।

देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान शेरू क्लासिक के संस्थापक व अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रमोटर शेरू अंग्रीश ने बताया कि वह बतौर सह-मालिक मसूरी शेरू क्लासिक टीम से जुड़े हैं। टीम के मालिक अरुण कुमार हैं, जबकि शेरू अंग्रीश एवं विकास रावत सह-मालिक के रूप में टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रदीप सांगवान टीम के मेंटर के रूप में जुड़ चुके हैं, जिससे खिलाड़ियों को उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि शेरू क्लासिक देश का सबसे बड़ा बॉडीबिल्डिंग शो आयोजित करता है, जहां से चयनित खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिस्टर ओलंपिया जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं तक पहुंचते हैं। उनका उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को क्रिकेट के साथ-साथ बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में भी अवसर प्रदान करना तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ाना है।

टीम के मालिक अरुण कुमार ने बताया कि 18 सितंबर से देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उत्तराखंड प्रीमियर लीग का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में डे-नाइट मुकाबले खेले जाएंगे तथा इसका सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल