श्रीनगर विधानसभा में गोदियाल का जनसंपर्क अभियान
पौड़ी गढ़वाल, 15 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का अपनी विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है। दीपावली मिलन एवं क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के तहत उन्होंने रविवार को थलीसैंण क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान कई स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। वहीं, भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की।
पांच दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत गणेश गोदियाल ने घूरी, पातल, रणगांव, सौंदर, इड़धार, पलाण, ऐंठी, डौरिया, मैरुवा, जखोला और रंडोला गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को दीपावली एवं इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई वितरित की। भ्रमण के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस दौरान भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए लोगों ने कहा कि वे गणेश गोदियाल के व्यक्तित्व और उनके पूर्व कार्यकाल में किए गए कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस को समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोदियाल ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र को ओबीसी का दर्जा दिलाने के साथ ही कई स्थानीय युवाओं को उपनल और आउटसोर्स के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने में पहल की। साथ ही जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयास किए।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह