दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट पहनना होगा अनिवार्य
पौड़ी गढ़वाल, 21 नवंबर (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और दोपहिया वाहन सवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस ने दो सवार, दो हेलमेट अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत पुलिस की टीमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन चालकों और आमजन को जागरूक कर रही हैं। पुलिस लोगों को समझा रही है कि दोपहिया वाहन पर सफर करते समय केवल चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि इस अभियान के तहत पुलिसकर्मी लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक कर रहे हैं। कहा कि अक्सर दोपहिया वाहन चालक तो हेलमेट पहन लेते हैं, लेकिन पीछे बैठने वाला व्यक्ति हेलमेट लगाने में लापरवाही बरतता है। यह लापरवाही दुर्घटना के दौरान जानलेवा साबित हो सकती है।
हादसे की स्थिति में पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है। ऐसे में दोनों सवारों के लिए हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। कहा कि जागरूकता के बावजूद यदि कोई व्यक्ति यातायात नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय चालक एवं पीछे बैठने वाला व्यक्ति दोनों अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करते हुए निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है। कहा कि यात्रा चाहे छोटी हो या लंबी, दोपहिया वाहन पर सवार दोनों व्यक्ति हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह