टिहरी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी
नई टिहरी, 26 अगस्त (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण करने की मांग को लेकर आंदोलन चरम पर है। मांग के समर्थन में संयुक्त संघर्ष समिति ने एक सितंबर से चरणबद्ध उग्र आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।
सरकार को जगाने के लिए नगर क्षेत्र में मशाल जुलूस, कंटर बजाओं, जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। बुधवार को बौराडी में 11 वें दिन मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर बौराड़ी गणेश चौक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने संयुक्त संघर्ष समिति के आंदोलन को समर्थन देते हुए धरने पर बैठे। वहां पर आयोजित बैठक में विधायक नेगी टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर सरकार पर जमकर हमला बोला। बताया विधानसभा सत्र में उन्होंने टिहरी मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर चर्चा की, लेकिन शासन स्तर पर टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाने का कोई भी प्रस्ताव धरातल पर नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक किशोर उपाध्याय जनता को गुमराह कर मेडिकल कॉलेज के नाम पर जनता को आपस में लडवाने का काम कर रहे है। जो प्रतिनिधिमंडल मुख्मयंत्री से वार्ता करने 24 अगस्त को देहरादून गया था उन्हें भी सीएम ने स्पष्ट नहीं बताया कि मेडिकल कहा बनेगा, कब बनेगा और राज्य सरकार, केंद्र सरकार कौन मेडिकल कॉलेज बनाएंगा। कहा टिहरी जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बुरे दौर से गुजर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार करने के लिए जल्द से जल्द टिहरी जिले के केंद्र बिंदु में मेडिकल कॉलेज निर्माण किया जाना चाहिए। धरने पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय गुनसोला, कनिष्ठ प्रमुख विशन सिंह रागड़, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, दर्शनी रावत, त्रैपन सिंह रावत, लक्ष्मी देवी, राकेश थलवाल, गब्बर सिंह, सीमा कृषाली, जीतराम भट्ट बैठे थे।
फोटो-26एनटीएच01 नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर धरना देते स्थानीय लोग।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी