‘पीढ़ियों का कारवां’ कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक सम्मानित
पौड़ी गढ़वाल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग की ओर से विकास भवन सभागार में पहली बार ‘पीढ़ियों का कारवां’ सम्मान कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव, स्वास्थ्य और नई पीढ़ी के साथ संवाद पर चर्चा की गई। विधायक राजकुमार पोरी ने वरिष्ठजनों के सम्मान और सेवा की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक राजकुमार पोरी,नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया।‘पीढ़ियों का कारवां’ के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं और नशामुक्त भारत अभियान के टीम इवेंट के विजेताओं को भी पुरस्कार दिए गए।
विधायक पोरी ने कहा कि वर्तमान विकास यात्रा में बुजुर्गों के संघर्ष और योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने नई पीढ़ी से वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन से सीख लेने का आह्वान किया। उन्होंने अगले वर्ष वृद्धजन दिवस का आयोजन वृद्धाश्रम में करने का सुझाव भी दिया।
नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान किसी एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए। परिवार और समाज को नियमित रूप से उनकी सेवा और देखभाल के साथ उनके अनुभवों को महत्व देना चाहिए।
सीडीओ अशोक जोशी ने कहा कि कई वरिष्ठ नागरिक उम्र के इस पड़ाव में भी खेती-बाड़ी और स्वरोजगार से जुड़े हैं। उनका अनुभव और पारंपरिक ज्ञान समाज की महत्वपूर्ण धरोहर है। उन्होंने युवाओं से आधुनिकता के साथ संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने की अपील की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने विभागीय योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा पोर्टल, पेंशन सत्यापन और एलिम्को परीक्षण शिविरों की जानकारी दी। उन्होंने पौड़ी में प्रस्तावित वृद्धाश्रम और डे-केयर सेंटर की भी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक गणेश सिंह गरीब, हरिश्चंद्र मुंडेपी, गणेश वीरान, विमल बहुगुणा और केसर सिंह असवाल समेत अन्य वरिष्ठजनों ने अनुभव साझा किए। कुछ वरिष्ठ नागरिकों ने स्थानीय भाषा में गीत प्रस्तुत कर संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह