एडीजी ने सत्यापन, महिला सुरक्षा और गुमशुदा बच्चों की बरामदगी पर दिया जोर

 


देहरादून, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरूगेशन ने कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए सत्यापन अभियान, महिला सुरक्षा और ‘ऑपरेशन स्माइल’ को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने गुमशुदा महिलाओं और बच्चों की बरामदगी में संवेदनशीलता और सक्रियता बरतने पर विशेष जोर दिया।

मंगलवार को पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गढ़वाल एवं कुमाऊं रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों और सभी जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक में किरायेदार और घरेलू नौकरों के सत्यापन, ‘गौरा शक्ति मॉड्यूल’ के प्रचार-प्रसार तथा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्माइल’ की प्रगति का आकलन किया गया।

एडीजी ने निर्देश दिए कि ‘उत्तराखंड पुलिस अधिनियम 2007’ के प्रावधानों के तहत किरायेदार और घरेलू सहायकों का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित किया जाए और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। सत्यापन के दौरान संदिग्ध मामलों में आईसीजेएस पोर्टल, एनसीआरसी और एनएएफआईएस जैसे तकनीकी माध्यमों से पुष्टि करने को कहा गया।

उन्होंने रेजिडेंशियल अपार्टमेंट और गेटेड कॉलोनियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने तथा उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बाहरी राज्यों को भेजे गए सत्यापन प्रपत्रों का नियमित फॉलोअप रखने और इस प्रक्रिया को निरंतर अभियान के रूप में संचालित करने पर बल दिया।

महिला सुरक्षा के संदर्भ में ‘गौरा शक्ति मॉड्यूल’ के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक महिलाओं एवं बालिकाओं के पंजीकरण के निर्देश दिए गए। महिला संबंधी शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण तथा चिन्हित क्षेत्रों में ‘महिला चीता पुलिस’ की नियमित गश्त बढ़ाने को कहा गया।

एडीजी ने ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की बरामदगी में जारी मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) सुनील कुमार मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामचन्द्र राजगुरु और अपर पुलिस अधीक्षक अंकुश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय