सहसपुर में समुदाय विशेष के हमले में एक युवक की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव, मुख्यमंत्री बोले-मिलेगा कठोर दंड

 






देहरादून, 14 जून (हि.स.)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में एक युवक की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी को भी तैनात किया गया है। घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने शांति और सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाईके निर्देश दिए हैं।

दरअसल, शनिवार देर शाम को खेत में सिंचाई के दौरान विशेष संप्रदाय के लोगों ने अशोक, राजेश और विनोद पुत्र भगवत पर हमला कर दिया था, इनमें से विनाेद की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने हमला किया। घटना के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस मामले काे लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शांति और सौहार्द बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। देवभूमि की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के विरोध में रविवार काे बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर जुटे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल लोगों की पहचान और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने मुख्य आरोपित के घर पर बुलडोजर कार्रवाई भी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की गई है। स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल