ज्योतिर्मठ में युवा सम्मेलन, राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान

 


ज्योतिर्मठ, 13 सितंबर (हि.स.)। सीमांत नगर ज्योतिर्मठ में ‘युवा देश का भविष्य हैं’ विषय पर युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में नगर के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं और शारीरिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से रविवार कोविभाग प्रचार प्रमुख शम्भू प्रसाद चमोला ने कहा कि युवा देश की शक्ति और भविष्य हैं। राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, संस्कार, परिश्रम, राष्ट्रभाव और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

नगर संघ चालक दाताराम मिश्रा ने कहा कि युवाओं को व्यक्तित्व विकास के साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना चाहिए। उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।

सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व, अनुशासन, संस्कार, शारीरिक स्वास्थ्य और नेतृत्व क्षमता के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर नगर कार्यवाह द्रवेश्वर प्रसाद थपलियाल, नगर बौद्धिक प्रमुख बद्री सिंह नेगी, आशुतोष डोभाल, मुख्य शिक्षक भारत भंडारी, नितिन भट्ट, हरेन्द्र नेगी, मनोज बुटोला, पुरुषोत्तम, प्रदीप, सचिन और ओमप्रकाश सहित अन्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय