पड़ोस युवा संसद में नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प

 

पौड़ी गढ़वाल, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से विकासखंड पौड़ी के मैसमोर इंटर कॉलेज में पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ.योगेंद्र सिंह ने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं। युवाओं की दिशा ही देश का भविष्य तय करती है। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आने से युवाओं का करियर प्रभावित होने के साथ परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा जागरूक, जिम्मेदार और नशामुक्त होंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी कविता पवार ने युवाओं को माय भारत पोर्टल की जानकारी दी। विद्यालय के प्रवक्ता अनूप रवि मणि ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी सिमरन ने भी युवाओं से संवाद कर नशे से बचाव और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के उपाय बताए।

इस अवसर पर ‘नशामुक्त युवा’ विषय पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें मोहित सिंह ने प्रथम, दिव्यांशु सिंह ने द्वितीय और कुमारी शगुन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। इस दौरान भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता मनीष रावत,राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी प्रियंका असवाल,नेहा,शीतल,नंदिनी, सचिन और सूरज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह