27 जुलाई से शुरू होगा डिजिटल यूथ फेस्टिवल,युवाओं को मिलेगा फिटनेस और प्रतिभा प्रदर्शन का मंच

 


देहरादून, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के युवाओं को डिजिटल माध्यम से जोड़ने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग राज्य युवा महोत्सव के अंतर्गत 27 जुलाई से 'डिजिटल यूथ फेस्टिवल' आयोजित करेगा। चार सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम में फिटनेस और सांस्कृतिक, रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

विभाग के अनुसार 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा व्यक्तिगत अथवा टीम के रूप में प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों के लिए फिट उत्तराखंड एप पर पंजीकरण अनिवार्य होगा। इसी प्लेटफॉर्म पर वीडियो, रील और अन्य प्रविष्टियां अपलोड की जाएंगी तथा प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी, लीडरबोर्ड और डिजिटल प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध होंगे।

महोत्सव के दौरान सूर्य नमस्कार, पुश-अप, स्क्वाट और स्किपिंग जैसे फिटनेस चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड की संस्कृति, स्थानीय पहचान, पर्यटन, फोटोग्राफी और अन्य रचनात्मक प्रतिभाओं से जुड़ी प्रतियोगिताएं भी होंगी, जिनके माध्यम से युवा अपने क्षेत्र की विशेषताओं को डिजिटल मंच पर प्रस्तुत कर सकेंगे।

प्रतियोगिता की प्रविष्टियों का मूल्यांकन प्रत्येक जिले में गठित जिला स्तरीय समिति करेगी। समिति फिटनेस और सांस्कृतिक श्रेणी में अलग-अलग प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान का चयन करेगी। जनपद स्तर पर चयनित विजेताओं को राज्य युवा महोत्सव के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रविष्टियों को विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों पर भी प्रदर्शित किया जाएगा।

विभाग ने प्रदेश के युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा है कि यह पहल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की फिटनेस, नवाचार, संस्कृति और सकारात्मक डिजिटल सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास है। इच्छुक प्रतिभागी फिट उत्तराखंड एप डाउनलोड कर पंजीकरण कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय