युवाओं को राज्य में ही मिलेंगे शिक्षा और रोजगार के अवसर : धामी
-काशीपुर में युवा विद्यार्थी संवाद, राज्य में शिक्षा-रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
काशीपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद में कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए राज्य से बाहर जाने की मजबूरी न हो। उन्होंने कहा कि युवाओं को उत्तराखंड में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और पलायन रोकने पर सरकार का विशेष जोर है।
निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1,400 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके सवाल सुने और सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है और इसे साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
धामी ने कहा कि युवाओं में नई सोच, नवाचार और कुछ कर गुजरने का जज्बा है। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत विद्यार्थियों से मिले सुझाव राज्य के भविष्य को लेकर उनकी सोच को सामने लाते हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रतिभाशाली युवाओं को अवसरों के अभाव में पीछे न रहना पड़े।
उन्होंने बताया कि राज्य में वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं और सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और नई तकनीक के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी विकसित की जा रही है। स्टेम लैब, साइंस एवं इनोवेशन गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर काम किया जा रहा है। हर जिले में टेक्नोलॉजी सेंटर विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए स्टार्टअप, नवाचार और मांग आधारित कौशल विकास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उद्योगों के साथ रोजगार के नए अवसर विकसित करने तथा खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए खेल नीति और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर भी काम किया जा रहा है।
विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा आयोग के माध्यम से युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा। अग्निवीरों के भविष्य से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार उनके भविष्य को लेकर सजग है और इसके लिए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है।
एआई और तकनीक से जुड़े सवाल पर धामी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चुनौती के साथ अवसर भी है। युवाओं को बदलती तकनीक के अनुरूप स्वयं को तैयार करना होगा।
भ्रष्टाचार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम कर रही है। रिश्वत मांगने या अनुचित दबाव बनाए जाने की स्थिति में टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत की जा सकती है। उन्होंने शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने और शिकायतों की जांच विशेष टीमों से कराने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से मेहनत, पढ़ाई और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय