हरिद्वार में गुजरात का 16 वर्षीय किशोर भंवर में फंसा, तलाश जारी
हरिद्वार, 17 जून (हि.स.)। भूपतवाला क्षेत्र स्थित बलराम घाट ठोकर नंबर-16 पर गंगा स्नान के दौरान गुजरात से आया एक 16 वर्षीय किशोर गंगा की तेज धारा में डूब गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10.36 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि हरसिल चौहान (16 वर्ष) पुत्र राजूभाई, निवासी सूरत (गुजरात), गंगा में स्नान करते समय भंवर में फंसकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही जल पुलिस और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची व तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि हरसिल स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी और भंवर की चपेट में आ गया, जिसके बाद वह आंखों से ओझल हो गया। घटना के समय उसके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
जल पुलिस द्वारा गोताखोरों की मदद से गंगा में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका था।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला