कोसी नदी में डूबने से दो युवकों की मौत
अल्मोड़ा, 23 जून (हि.स.)। अल्मोड़ा जिले के देवस्थल क्षेत्र में कोसी नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को अल्मोड़ा मुख्यालय से पांच युवक देवस्थल के समीप कोसी नदी किनारे घूमने गए थे। बताया गया है कि सभी युवक नदी किनारे समय बिता रहे थे और इसी दौरान नहाने के लिए नदी में उतर गए।
नहाते समय दो युवक नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और पानी की गहराई तथा तेज बहाव का अनुमान नहीं लगा सके। देखते ही देखते दोनों युवक डूबने लगे। उनके साथ मौजूद अन्य युवकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान सोनू कनवाल (26), पुत्र महेंद्र सिंह कनवाल, निवासी दुगालखोला, अल्मोड़ा तथा धीरज गड़िया (37), निवासी मोटाहल्दू, हल्द्वानी, मूल निवासी बागेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद चंद्र जोशी