हरिद्वार में भाजयुमो का युवा संवाद कार्यक्रम, विकसित भारत के संकल्प पर युवाओं को किया प्रेरित

 


हरिद्वार, 18 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा हरिद्वार की ओर से आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज, बहादुरपुर जट में आज युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मुख्य वक्ता जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के निर्माण की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा लागू किए गए सशक्त नकल विरोधी कानून से सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता आई है और पात्र अभ्यर्थियों को अवसर मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही युवाओं से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया।

भाजपा जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी संगठन की रीढ़ होती है और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में युवाओं की अहम भूमिका है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान ने बताया कि संगठन बूथ स्तर तक युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रहा है।

जिला महामंत्री सूर्यकांत सैनी व जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार की स्टार्टअप, मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट सचिन चौहान ने कहा कि युवा मोर्चा भविष्य में संगठन द्वारा दिए जाने वाले प्रत्येक कार्यक्रम को पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ सफल बनाएगा। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा तरुण चौहान, मंडल अध्यक्ष पंकज यादव सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला