जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत,सुसाइड नोट में  प्रताड़ना का आरोप

 

हरिद्वार, 29 नवंबर (हि.स.)। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में कथित प्रताड़ना से परेशान होकर 24 वर्षीय युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की जेब से मिले सुसाइड नोट में एक युवती और उसकी मां पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। मृतक के पिता की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी अजय कुमार (24) ने शनिवार को गांव से बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर एक ग्रामीण ने परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

इसके बाद परिजन उसे कनखल स्थित रामकृष्ण परमहंस अस्पताल ले गए। यहां उपचार के दौरान शनिवार रात अजय की मौत हो गई। बताया गया कि उपचार के दौरान उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए एक युवती और उसकी मां को जिम्मेदार ठहराया है।

मृतक के पिता अनिल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि युवती और उसकी मां उनके बेटे को लगातार प्रताड़ित कर रही थीं। इसी से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।

लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिता की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला