मस्जिद से लौटे युवक से मारपीट के बाद भड़का विवाद, दो पक्षों मे संघर्ष
-धारदार हथियार और रॉड से हमला, कई घायल
हरिद्वार, 23 जून (हि.स.)। थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम इब्राहिमपुर में मस्जिद से लौटे रहे एक युवक के साथ कथित मारपीट के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार, लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने सात नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को आज दी गई तहरीर में ग्राम इब्राहिमपुर निवासी शमीम ने बताया कि उनका पुत्र रुस्तम रविवार रात करीब नौ बजे नमाज अदा करने मस्जिद गया था। आरोप है कि वहां वाजिद के पुत्र ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वाजिद और उसके परिजनों ने रुस्तम के साथ मारपीट की।
तहरीर के अनुसार, सदाकत और आशू ने रुस्तम के सिर और चेहरे पर हमला किया, जिससे उसका एक स्थायी दांत टूट गया। वहीं वाजिद और फरागत पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर रुस्तम को बचाया, जिसके बाद वह घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद शमीम और उनका भतीजा मुदस्सिर आरोपियों से बात करने पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से कई लोग हथियार, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों के साथ मौजूद थे। वाजिद पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है, जबकि मुर्सलीन और सोयब पर लोहे की रॉड से मुदस्सिर के सिर और शरीर पर वार करने का आरोप लगाया गया है। साजिद और वाजिद के पुत्र पर ईंट-पत्थरों से हमला करने का भी आरोप है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर रहे थे। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर घायलों को बचाया। इसके बाद घायलों को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला