अंश को मारने पहुंचे बदमाशों ने युवती को मारी गोली
हरिद्वार, 19 सितंबर (हि.स.)। नगर कोतवाली के मायापुर क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई,जब एक युवक को निशाना बनाने पहुंचे बदमाशों ने फायरिंग कर दी। युवक पर गोली चलाए जाने के दौरान उसके साथ रह रही युवती अचानक से सामने आ गई और वह गोली लगने से घायल हो गई। गंभीर हालत में युवती को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के कारणों और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार केशर नाम की युवती हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है। वह मायापुर क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि अंश के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
शुक्रवार देर रात कुछ युवक अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने वहां पहुंचकर अंश पर गोली चलाने की कोशिश की। इसी दौरान केशर बीच में आ गई और गोली उसे जा लगी। गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की तलाश के साथ ही युवक और युवती के संबंधों तथा दोनों पक्षों के आपराधिक और विवादित इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस घायल युवती के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला