मंदिर में पूजा करने गई 26 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, अपहरण का आरोप

 

हरिद्वार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। कोतवाली लक्सर क्षेत्र में मंदिर में पूजा करने गई 26 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने कुछ कार सवार लोगों पर युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के करीब 24 घंटे बाद भी युवती का पता नहीं चल सका है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

परिजनों के मुताबिक, युवती एक अक्टूबर की सुबह करीब 7.30 बजे रोजाना की तरह रुड़की रोड स्थित शिव मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकली थी। पूजा के बाद वह सामान्य तौर पर घर लौट आती थी, लेकिन गुरुवार को काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

कार में जबरन बैठाने का आरोप

परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वे ग्रामीणों के साथ युवती की तलाश में रुड़की रोड की ओर गए। इसी दौरान उन्होंने एक कार देखी, जिसमें कुछ लोग कथित तौर पर युवती को जबरन बैठाकर ले जा रहे थे। परिजनों ने बाइक से कार का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन कार पकड़ में नहीं आ सकी। हालांकि, उन्होंने कार का नंबर नोट कर लिया।

परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हुए, लेकिन तब तक कार वहां से निकल चुकी थी। इसके बाद परिजन कोतवाली लक्सर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए युवती की सकुशल बरामदगी की मांग की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के अनुसार, परिजनों द्वारा उपलब्ध कराए गए कार नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

युवती की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर भेजी गई हैं। साथ ही घटनास्थल और संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि युवती की तलाश प्राथमिकता से की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला