400 साधकों की मौजूदगी में भारतीय योग संस्थान का 60वां योग उत्सव
हरिद्वार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय योग संस्थान की ओर से शुक्रवार को सैनी आश्रम में 60वां योग उत्सव उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुख्य अतिथि करण मल्होत्रा, डॉ. उधम सिंह, प्रांतीय प्रधान जयप्रकाश सिंगले सहित प्रांतीय पदाधिकारियों और सभी जिला प्रधानों ने मां सरस्वती एवं संस्थान के संस्थापक प्रकाश लाल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
प्रांतीय प्रधान जयप्रकाश सिंगले ने अतिथियों, पदाधिकारियों, शिक्षकों और साधकों का स्वागत करते हुए योग उत्सव की शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि करण मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय योग संस्थान देश-दुनिया में योग का संदेश पहुंचाने और समाज को स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
डॉ. उधम सिंह ने कहा कि योग केवल एक दिन की गतिविधि नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। प्रांतीय सदस्य सुरेश भट्ट ने सामूहिक योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का आह्वान किया।
इस दौरान रेखा त्यागी, सरोज चौहान, प्रीति, अनिल शर्मा, ब्रजपाल सैनी, अर्चना चौहान, प्रभा शर्मा, सुशीला घड़ियाल, रविंद्र सिंघल, सीताराम प्रजापति, आशीष धारीवाल, हरीश तनेजा, प्रवीण अरोड़ा और मंजू झा ने साधकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया।
समारोह में पांचों जिलों के पदाधिकारियों, शिक्षकों और करीब 400 साधकों ने भाग लिया। कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में प्रवीण अरोड़ा और आशीष धारीवाल का विशेष योगदान रहा। प्रांतीय संगठन मंत्री सुखदेव सिडाना ने सभी अतिथियों और साधकों का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला