अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ऋषिकुल मैदान में होग योग शिविर
हरिद्वार, 18 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को हरिद्वार के ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय मैदान में प्रातः 6 बजे से भव्य योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि योग शिविर में प्रदेश के आयुष मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि तथा हरिद्वार नगर निगम की मेयर किरण जैसल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपीं। स्वास्थ्य विभाग को दो एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा जल संस्थान को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर मजिस्ट्रेट को वीआईपी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन का दायित्व एसपी सिटी को दिया गया है। प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम में लगभग एक हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. स्वास्तिक जैन को प्रतिभागियों के लिए योगा मैट एवं जलपान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला