अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व अवधूत मंडल आश्रम में योग शिविर

 


हरिद्वार, 20 जून (हि.स.)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर निरामया योगम् रिसर्च फाउंडेशन एवं इंडियन रेडक्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में आयुष विभाग के निर्देशन में योग शिविर श्रृंखला के अंतर्गत आज श्री अवधूत मंडल आश्रम में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद महाराज, इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखण्ड के चेयरमैन प्रो. डॉ. नरेश चौधरी तथा निरामया योगम् रिसर्च फाउंडेशन की निदेशक योगाचार्य डॉ. उर्मिला पाण्डेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

योगाचार्य डॉ. उर्मिला पाण्डेय ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया और कहा कि योग केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखण्ड के चेयरमैन प्रो. डॉ. नरेश चौधरी ने बताया कि वर्ष 2026 की अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस थीम स्वस्थ आयु के लिए योग है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास मस्तिष्क के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ दैनिक गतिविधियों को सहजता से करने की क्षमता भी बढ़ाता है।

महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद महाराज ने कहा कि योग का वास्तविक अर्थ आत्मा और परमात्मा का मिलन है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने वाली जीवन शैली है।

कार्यक्रम के समापन पर फाउंडेशन की निदेशक डॉ. उर्मिला पाण्डेय ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला