श्री नंदा देवी महोत्सव, 16 से 23 सितंबर तक होंगे विविध आयोजन

 


नैनीताल, 14 सितंबर (हि.स.)। श्रीराम सेवक सभा की ओर से होने वाला श्री नंदा देवी महोत्सव अगले वर्ष 125वें वर्ष के बड़े मील के पत्थर को छूने जा रहा है। इसलिये इस वर्ष यह आयोजन अगले वर्ष के आयोजन के पूर्वाभ्यास के रूप में आगामी 16 से 23 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नगर भ्रमण, दीपदान और डोला नगर भ्रमण आदि की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सोमवार को महोत्सव की आयोजक संस्था श्रीराम सेवक सभा के द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में सभा के महासचिव जगदीश बवाड़ी व पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी के द्वारा यह जानकारी दी गयी। बताया गया कि महोत्सव का शुभारंभ 16 सितंबर को दोपहर 2 बजे श्रीराम सेवक सभा के प्रांगण में होगा। इस दौरान सभा का दल माता नंदा-सुनंदा की मूर्तियों के निर्माण के लिये कदली दल लाने के लिये निकटवर्ती मंगोली गांव को रवाना होगा।

17 सितंबर को कदली दलों का नगर में आगमन पर सूखाताल में भव्य स्वागत के साथ तल्लीताल वैष्णव देवी मंदिर पूजन एवं इसके उपरांत माल रोड होते हुए नगर भ्रमण आयोजित होगा। 18 सितंबर को मूर्ति निर्माण के उपरांत 19 सितंबर को नंदाष्टमी के अवसर पर ब्रह्म मुहूर्त में मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा और पूजा-अर्चना होगी। 20 को अन्य कार्यक्रमों के साथ श्री दुर्गा सप्तशती पाठ एवं हवन, 21 को महाभंडारा, , 22 को सुंदरकांड के साथ 19 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह व शाम देवी पूजन तथा देवी भोग के साथ शाम 6.30 बजे से राम सेवक सभा प्रांगण और तल्लीताल डांठ में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 23 सितंबर को माता का डोला यानी शोभायात्रा नगर भ्रमण के बाद ग्वेलज्यू मंदिर के समीप मूर्ति विसर्जन किया जाएगा।

महोत्सव में स्कूली बच्चों की झांकियों और छोलिया दलों के साथ स्थानीय महिलाओं की झांकियां व विशेषकर पारंपरिक झोड़ा नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को विशेष अवसर दिया जाएगा। आयोजन में प्रशासन, नगर पालिका, मीडिया और जनता के सहयोग से महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी है। महोत्सव के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पत्नी सहित तथा उनके मंत्रीमंडल के सदस्य भी शामिल हो सकते हैं। इस दौरान जादू का शो कराने की भी आयोजकों की योजना है। इधर डीएसए मैदान में महोत्सव के दौरान लगने वाले मेले के लिये दुकानों के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी