हरिद्वार में युवा कांग्रेस का बुद्धि शुद्धि यज्ञ

 


हरिद्वार, 19 अगस्त (हि.स.)। राम मंदिर समेत अन्य मंदिरों में चंदा और चढ़ावा चोरी के मामलों को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रेमनगर घाट पर भाजपा सरकार के खिलाफ बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने आरोप लगाया कि भाजपा चंदा और चढ़ावा चोरी करने वालों को बचा रही है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर सत्ता में आने वाली पार्टी के शासन में उन्हीं के मंदिर में चोरी होना महापाप है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि मंदिर निर्माण का श्रेय लिया जा सकता है तो मंदिर में चोरी के मामलों पर चुप्पी क्यों साधी जा रही है।

पार्षद विवेक भूषण विक्की और सोहित सेठी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में मंदिरों में चंदा और चढ़ावा चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं और इन घटनाओं से सनातन की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर देश का माहौल खराब करने का आरोप भी लगाया। यज्ञ कार्यक्रम में पार्षद सोहित सेठी, रामबाबू बंसल, दीपक पांडे, आशु श्रीवास्तव, आचार्य पंडित भैरव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला