विश्व मनोवैज्ञानिक दिवस पर अनाथालय में जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों को दिए मानसिक स्वास्थ्य के टिप्स
हरिद्वार, 17 जुलाई (हि.स.)। कन्या गुरुकुल, हरिद्वार के मनोविज्ञान विभाग ने विश्व मनोवैज्ञानिक दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब एवं साइकलैब शक्ति संस्थान, सिंहद्वार के सहयोग से पांतजल योग धाम, आर्यनगर द्वारा संचालित अनाथालय में मानसिक स्वास्थ्य एवं मानवाधिकार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में विश्व स्वास्थ्य संगठन की इस वर्ष की थीम सामूहिक कार्यवाही को बढ़ावा देने में मनोवैज्ञानिक योगदान, संघर्ष की दुनिया में मानवानुभूति को समझना और उन्हें दृढ़ करना पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि बदलती दुनिया में मनोविज्ञान शांति, मानसिक लचीलापन और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मनोविज्ञान विभाग की छात्राओं ने अनाथालय के बच्चों के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किया। इस दौरान विभिन्न खेल, मनोरंजक गतिविधियों और समूह सहभागिता के माध्यम से बच्चों को तनाव और क्रोध पर नियंत्रण के प्रभावी उपाय बताए गए। बच्चों ने अपने भविष्य के सपनों और लक्ष्यों पर भी खुलकर चर्चा की।
डॉ. ऋचा सक्सैना ने प्रेरक कहानी के माध्यम से बच्चों को सही मार्ग चुनने और अपने सपनों को साकार करने की सीख दी। डॉ. सुनीता रानी ने बदलते पर्यावरण का मानव व्यवहार पर पड़ने वाले प्रभावों की चर्चा करते हुए बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों की रुचियों और अनुभवों को जानकर उनसे आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला