गुरुकुल कांगड़ी में एनएसएस प्रशिक्षण के पांचवें दिन स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और पीएफएमएस पर कार्यशाला
हरिद्वार, 28 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस प्रशिक्षण कार्यक्रम के पांचवें दिन स्वास्थ्य, कल्याण, आपदा प्रबंधन, सामुदायिक सहभागिता और पीएफएमएस पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. संगीता मदान ने किया। इसके बाद एनएसएस गीत प्रस्तुत किया गया। प्रथम सत्र में स्वास्थ्य, कल्याण एवं सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक एवं मानसिक कल्याण तथा सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
दूसरे सत्र में कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने जोखिम प्रबंधन एवं आपदा तैयारी पर व्याख्यान दिया। उन्होंने आपदा के समय पूर्व तैयारी, जोखिम प्रबंधन और राहत कार्यों में स्वयंसेवकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कहा कि सजगता, संगठन और सहयोग से प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सकता है।
तीसरे सत्र में उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक प्रो. आनंद सिंह उनियाल ने सामुदायिक सहभागिता पर विचार रखे। उन्होंने स्थानीय समस्याओं की पहचान और समाधान में समुदाय की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया। कहा कि स्वयंसेवकों के प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इसके बाद एनएसएस के युवा अधिकारी प्रशांत मारवाड़े ने एनएसएस की गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवकों को सेवा भाव के साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पीएफएमएस पर कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों को पीएफएमएस की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ. मयंक पोखरियाल, डॉ. नवीन चंद्र, डॉ. सरिता नेगी, सुमित पुरोहित, कृष्णा चौधरी एवं गोविंदाचारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला