चौबट्टाखाल में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
पौड़ी गढ़वाल, 06 अक्टूबर (हि.स.)।मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौबट्टाखाल में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है और वोट से जुड़ी किसी भी तरह की गड़बड़ी स्वीकार नहीं की जाएगी।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव कवींद्र इष्टवाल ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने लोगों के वोट देने के अधिकार को प्रभावित करने का काम किया है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। प्रदेश सचिव प्रेम बहुखंडी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।
प्रदर्शन में पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजा कंडारी, ब्लॉक अध्यक्ष कल्याण सिंह, बिजेंद्र सिंह, पूनम कैंतूरा, सुरेंद्र सिंह रावत, प्रदेश सचिव संतोष रावत, विष्णु रावत, नंद किशोर नौटियाल, सुधीर कोहली, राजकमल, अश्वनी धस्माना, सैन सिंह, दिनेश सुंद्रीयाल और विमल रावत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह