कर्मियों की बहाली समेत ज्वलंत समस्याओं को लेकर कार्य बहिष्कार शुरू
नई टिहरी, 09 सितंबर (हि.स.)। लखवाड़ बांध परियोजना की कार्यदायी संस्था एलएनटी कंपनी से हटाए गए कर्मचारियों की बहाली न करने से नाराज संविदा श्रमिक संघ ने कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। उन्होंने कंपनी पर समय पर मानदेय भुगतान न करने का आरोप लगाया। परियोजना के कार्य स्थलों पर विश्रामगृह और शौचालय की सुविधा न होने पर भी आक्रोश जताया। कहा जब तक हटाए गए सभी कर्मियों की बहाली नहीं की जाती है तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
बता दें कि जौनपुर ब्लॉक क्षेत्र में यमुना नदी तट पर 300 मेगावाट लखवाड़ बांध परियोजना का कार्य इन दिनों प्रगति पर है। यहां के संविदा श्रमिक संघ से जुडे़ लोगों का आरोप है कि परियोजना की कार्यदायी एलएनटी कंपनी ने बीते दिनों 46 लोगों को नौकरी से हटा दिया है। कई लोगों को हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया है। हटाए गए कर्मियों की बहाली की मांग को लेकर उन्होंने कार्य बहिष्कार कर लोहारी में धरना दिया। धरना स्थल पर हुई बैठक में स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने कहा कि परियोजना स्थल के जल, जंगल व जमीन पर स्थानीय लोगों का अधिकार है।
आरोप लगाया कि कार्यदायी कंपनी श्रमिकों को सुविधाएं मुहैया नहीं करा रही है। कार्यस्थल पर श्रमिको के लिए शौचालय और विश्राम कक्ष तक की सुविधा नहीं है। संविदा श्रमिक संघ के अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने कंपनी से स्थानीय लोगों की सेवाएं समाप्त करने पर कड़ा आक्रोश जताया। उन्होंने हटाए गए कर्मियों की बहाली करने, पुलिस में दर्ज शिकातय वापस लेने, मानदेय भुगतान समय पर करने की मांग की। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर सतीश तोमर, बबलू प्रकाश, प्रदीप पुंडीर, रोहित चौहान, सुरेश रावत, आशीष पुंडीर, रमेश रावत, प्रीतम पुंडीर, अनिल रावत,रोशन रावत, बिपिन रावत मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी