‘वुड कोटिंग्स’ पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

 




देहरादून, 20 अप्रैल (हि.स.)। वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) के फॉरेस्ट प्रोडक्ट्स डिवीजन अंतर्गत वुड वर्किंग एंड फिनिशिंग डिसिप्लिन की ओर से सोमवार से 'वुड कोटिंग्स' विषय पर पांच दिवसीय अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया। इस प्रशिक्षण में इको-फ्रेंडली तकनीकों के साथ प्रायोगिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और औद्योगिक गुणवत्ता सुधार पर फोकस रखा गया है।

यह कार्यक्रम 20 से 24 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में कुल 23 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जो विभिन्न औद्योगिक और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े हैं। इनमें प्लांटाग कोटिंग्स इंडिया लिमिटेड, रिच वुड इंडस्ट्रीज़, शाम पेंट इंडस्ट्री, आइडियल कोटिंग्स, सीएल गुप्ता एक्सपोर्ट्स लिमिटेड और एच एंड एम सहित अन्य संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हैं। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय सहभागिता भी देखने को मिल रही है, जिसमें तुर्की की प्रतिभागी ड्यूगू डोगन विशेष रूप से शामिल हुई हैं। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वुड कोटिंग से जुड़े उद्योगों, शिक्षण संस्थानों और अन्य हितधारकों के लिए तैयार किया गया है। इसमें कोटिंग के प्रकार, गुण, सतह की तैयारी, अनुप्रयोग और परीक्षण विधियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरणीय पहलुओं, उन्नत और इको-फ्रेंडली कोटिंग तकनीकों, ट्रबलशूटिंग और सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रतिभागियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कोटिंग एप्लीकेशन और परीक्षण की प्रायोगिक ट्रेनिंग भी दी जा रही है।

तकनीकी दक्षता बढ़ाने और उद्योग गुणवत्ता सुधार पर फोकस

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों की तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ करना है,ताकि वे वुड कोटिंग्स का चयन और उपयोग अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें। इससे औद्योगिक प्रक्रियाओं में सुधार और उत्पाद गुणवत्ता में वृद्धि को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय