लोक भवन नैनीताल में महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 


नैनीताल, 27 मई (हि.स.)। उत्तराखंड की प्रथम महिला गुरमीत कौर की पहल पर लोक भवन नैनीताल में कार्यरत महिला कार्मिकों, सफाईकर्मियों तथा हॉर्टिकल्चर एवं लोक निर्माण विभाग से जुड़ी महिलाओं के लिए बुधवार को महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूक करना तथा उनके स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्नों एवं समस्याओं पर संवाद स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बीडी पांडे चिकित्सालय की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने महिलाओं को विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, व्यक्तिगत एवं प्राकृतिक स्वच्छता, गर्भावस्था के दौरान देखभाल तथा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उनके लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने भी अपनी स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित समस्याओं को साझा किया।

प्रथम महिला गुरमीत कौर ने महिलाओं के स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की धुरी होती हैं तथा उनकी भूमिका केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिलाएं प्रायः पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं, जबकि स्वयं को स्वस्थ रखना भी उतना ही आवश्यक है। यदि महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहेंगी, समय पर स्वास्थ्य परीक्षण करायेंगी व संतुलित जीवनशैली अपनायेंगी, तभी वे परिवार की बेहतर देखभाल कर सकेंगी।

प्रथम महिला ने उपस्थित महिलाओं को अपनी समस्याएं खुलकर साझा करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किये जाएंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर अपर सचिव रीना जोशी, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव सहित लोक भवन की महिला कार्मिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी